Bag news India
आज, यानी 14 सितंबर को हर साल हिंदी दिवस मनाया जाता है। हिंदी भाषा की समृद्धि और विकास के लिए हिंदी दिवस मनाया जाता है। साल 1953 से हिंदी दिवस मनाने की शुरुआत हुई। भारत में हिंदी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य है जन-जन तक हिंदी को पहुंचाना। एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में 77 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो हिंदी भाषा बोलना, पढ़ना या लिखना जानते हैं।

इस मौके पर आइए जानते हैं हिंदी दिवस के इतिहास से जुड़ी कुछ रोचक बातें….
सन् 1947 में देश आजाद होने के बाद सबसे बड़ा प्रश्न था कि किस भाषा को राष्ट्रीय भाषा बनाया जाए। काफी विचार-विमर्श करने के बाद 14 सितंबर सन् 1949 को हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया गया। इसका उल्लेख संविधान के अनुच्छेद 343 (1) में किया गया है, जिसके अनुसार भारत की राजभाषा ‘हिंदी’ और लिपि ‘देवनागरी’ है। सन् 1953 से 14 सितंबर के दिन हिंदी दिवस मनाने की शुरुआत हुई।
हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिए जाने के बाद गैर हिंदी भाषी लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके कारण अंग्रेजी को भी आधिकारिक भाषा बनाया गया। हिंदी की सबसे अच्छी बात ये है कि यह समझने में बहुत आसान है, इसे जैसा लिखा जाता है इसका उच्चारण भी उसी प्रकार किया जाता है। हमारे देश में 77 प्रतिशत लोग हिंदी बोलते, समझते और पढ़ते हैं। आधिकारिक काम-काज की भाषा के तौर पर भी हिंदी का उपयोग होता है।
गांधी जी ने हिंदी को जनमानस की भाषा कहा था। सन् 1918 में हिंदी साहित्य सम्मेलन में गांधी जी ने हिंदी को राष्ट्रीय भाषा बनाने को कहा था। जब हिंदी को राजभाषा के रूप में स्वीकार किया गया, तब देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद ने हिंदी के प्रति गांधी जी के प्रयासों को याद किया। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने इस दिन के महत्व को देखते हुए इस दिन को हिंदी दिवस के रूप में मनाने को कहा था। भारत देश के नागरिक होने के नाते हम सबका कर्तव्य बनता है कि हम हिंदी को आगे बढ़ाने का प्रयास करें। अपने काम-काज की भाषा के रूप में हिंदी का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।
इन खूबसूरत संदेशों से दें हिंदी दिवस की शुभकामनाएं
हिंदी है हमारी राष्ट्रभाषा …
हिंदी है हमें बड़ी प्यारी…
हिंदी की सुरीली वाणी…
हमें लगे हर पल प्यारी…
हिंदी सिर्फ हमारी भाषा नहीं, हमारी पहचान भी है।
तो आइए हिंदी बोलें, हिंदी सीखें और हिंदी सिखाएं
Categories: National
Nice
LikeLike
अतिसुंदर
LikeLike