Bag news
कृषि कानूनों के विरोध और किसानों के समर्थन में पंजाब के मोगा से आज राहुल गांधी की विशाल ट्रैक्टर रैली की शुरूआत होगी। इस ट्रैक्टर रैली में हजारों की संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं बताया जा रहा है कि लगभग पांच हजार ट्रैक्टर भी इस रैली का हिस्सा होंगे। पंजाब कांग्रेस ने रैली में सभी विधायकों, मंत्रियों और दिग्गजों को शामिल होने को कहा है। यह रैली केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में मोगा के बधनीकलां से शुरू होगी जो हरियाणा के रास्ते दिल्ली पहुंचकर समाप्त होगी।

कैप्टन और सिद्धू दिखेंगे साथ
लगभग 14 माह बाद नवजोत सिंह सिद्धू किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ दिखेंगे। हरीश रावत के पंजाब प्रभारी बनने के बाद ही पंजाब की राजनीति में सिद्धू को लेकर नई चर्चा शुरू हुई। तो वहीं हरीश रावत भी सिद्धू को लेकर काफी सक्रिय दिखे। यही वजह है कि मंत्री पद से इस्तीफे के बाद पार्टी के किसी कार्यक्रम में नवजोत सिंह मोगा में राहुल गांधी और कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ दिखेंगे।
पंजाब डीजीपी ने लिया रैली स्थल का जायजा
पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने खुद मोगा के बधनीकलां पहुंचे। यहां उन्होंने रैली स्थल का जायजा लिया और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
उनके साथ लगभग 15 जिलों के एसएसपी समेत सभी बड़े अधिकारी मौजूद रहे। सीएम के सलाहकार कैप्टन संदीप संधू समेत कई दिग्गज रैली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ पहुंचे मोगा
रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बरकरार रखने के लिए करीब 15 जिलों से दस हजार के करीब पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। रैली की तैयारियों का जायजा लेने मोगा के बधनी कलां कांग्रेस प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ पहुंचे। जाखड़ ने जायजा लेने के बाद मीडिया से बातचीत कर कहा कि हरियाणा सरकार के मंत्री विज की ओर से राहुल गांधी को हरियाणा में नो एंट्री की घोषणा करना बेहद निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी किसानों को उनका हक दिलाने के लिए कड़ा संघर्ष करने से गुरेज नही करेगी।
यह रहेगा रोड शो का मैप
4 अक्तूबर: मोगा के निहाल सिंह वाला के बदनी कलां में सुबह 11 बजे एक सार्वजनिक बैठक से रोड शो की शुरुआत होगी। इसके बाद लुधियाना के जगराओं, चकर, लक्खा और माणूके होते हुए रायकोट के जटपुरा में एक जनसभा के साथ ही संपन्न होगा।
5 अक्तूबर: रोड शो की शुरुआत बरनाला चौक, संगरूर में समारोह से होगी। यहां से राहुल जनसभा के लिए भवानीगढ़ तक कार से जाएंगे। फतेहगढ़ छाना और बाहमना में समारोह। पटियाला के समाना की अनाज मंडी में जनसभा में शिरकत करेंगे राहुल गांधी।
6 अक्तूबर : पटियाला के दूधन साधा में होने वाली जनसभा में राहुल गांधी किसानों को संबोधित करेंगे। फिर पिहोवा सीमा से होते हुए कांग्रेस का रोड शो हरियाणा में प्रवेश करेगा।
कृषि कानूनों पर गर्म है पंजाब की सियासत
बता दें कि कृषि कानूनों को लेकर इस समय पूरे पंजाब में माहौल गर्म है। इस कानून के विरोध में पंजाब की 31 किसान यूनियनें सड़कों पर उतर चुकी हैं। पंजाब के गांवों में इन कानूनों के खिलाफ भारी आक्रोश है। सभी राजनीतिक दलों की नजर अब किसानों के वोट बैंक पर है।
यही कारण है कि सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी इस कानून के विरोध में है। ऐसे में अकाली दल भी पीछे नहीं है। हरसिमरत कौर बादल भी मंत्री पद से इस्तीफा देकर कानून के विरोध में उतर चुकी हैं। यही नहीं अकाली दल ने तो भाजपा से नाता भी तोड़ लिया है। इस समय अकाली दल भी सड़कों पर उतर चुका है। आम आदमी पार्टी भी किसानों के पक्ष में है।