बैग न्यूज़ – कैथल

विधायक लीलाराम गुर्जर की सिफारिश पर सस्पेंड किए गए कैथल के सिविल सर्जन के पक्ष में हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (एचसीएमएसए)आ गई है। एसोसिएशन के राज्य प्रधान डाॅ. जसबीर परमार का कहना है कि कुछ दिन पहले सिविल सर्जन ने आर्य डायग्नोस्टिक सेंटर में रेड कर भ्रूण लिंग जांच का भंडाफोड़ किया था।
विधायक ने आरोपी डाॅक्टर को छोड़ने का दबाव बनाते हुए उनको अंजाम भुगतने की धमकियां दी थी। उन्होंने आदेश नहीं माने तो सस्पेंड करा दिया। भर्तियों में गड़बड़ी की आशंका थी तो जांच करानी चाहिए थी। स्वास्थ्य मंत्री, एसीएस व डीजी हेल्थ को पत्र लिख आदेशों को वापस लेने की मांग की है।
वहीं, लीलाराम ने कहा, ‘आरोप निराधार हैं। कोई सबूत हैं तो सामने लाएं। सिविल सर्जन भ्रष्ट व्यक्ति हैं।’ उधर, सस्पेंशन के 24 घंटे बाद सिविल सर्जन ने गुरुवार को विधायक से मुलाकात की। क्या बात हुई, यह दोनों में से किसी ने खुलासा नहीं किया।