bag news – Haryana

पानीपत रिफाइनरी से इंजीनियर पति के साथ आकर शहर के अर्जुनपुरी में जेठ के घर पर एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। मामले की जानकारी मिलते ही गन्नौर थाना प्रभारी वजीर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पंहुचकर जांच पड़ताल की। एफएसएल ने जांच के लिए नमूने जुटाए। मृतका के परिजन आए, लेकिन घर पर ससुरालजनों का कोई भी सदस्य नहीं मिला।
इस दौरान मृतका के परिजनों व पुलिस के बीच थोड़ी नोंक झोंक तक हो गई। एसएचओ परिजनों को जांच पड़ताल करने की बात कह कमरे में बिछे सोफे पर बैठ गए। मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले शादी के बाद से दहेज की खातिर विवाहिता को आए दिन मारपीट करते थे। मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई। मृतका के पिता की शिकायत पर गन्नौर थाना पुलिस ने ससुराल पक्ष के 11 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रिफाइनरी में हत्या कर कमरे में लटकाया: चाचा
मृतका के चाचा राजेश देशवाल का आरोप है कि भतीजी नीरज की रिफाइनरी में ही हत्या कर दी गई थी। इसे सुसाइड दिखाने के लिए जेठ के घर आकर पंखे से लटका दिया। ससुर ने फोन कर जानकारी दी, जब घरवालों के साथ पंहुचे ससुराल वाले नहीं मिले। पुलिस ने उनके साथ ठीक से व्यवहार नहीं किया। गन्नौर थाना प्रभारी व जांचकर्ता एएसआई के बजाय दूसरे अधिकारी से जांच कराने की मांग की।
लाखों रुपए के सामान व जेवर दिए थे: पिता
पानीपत में मतलौडा के सरपंच अशोक पुत्र लहणा सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसको बेटा व एक बेटी है। 22 जनवरी 2018 को बेटी नीरज (24) की शादी शिव भारत पुत्र बलबीर वासी पांची जाटान के साथ की थी। एकलौती बेटी की शादी में उसने लाखों रुपए खर्च किए थे। लड़की को 1 किलो 500 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी, 3 डायमंड सेट, हीरे की अंगूठी, करीब 10 लाख रुपए की कीमत का घर का सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले बेटी से रुपए के साथ ही प्रॉपर्टी का आधा हिस्सा लेने की डिमांड की। जो पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित करते थे। इतना ही नहीं फोन पर मायके वालों से बात भी नहीं होने देते थे। उन्होंने बताया कि शिव भारत पानीपत रिफाइनरी में इंजीनियर लगा होने पर पति-पत्नी यही रहते थे।