Bag news –

आंध्र प्रदेश का कृष्णा ज़िला. यहां की विजयवाड़ा सिटी. 12 अक्टूबर की रात यहां एक नर्स को ज़िंदा जला दिया गया. नर्स 24 बरस की थी. कोविड-19 केयर सेंटर में पोस्टेड थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नर्स ने कुछ दिन पहले एक लड़के के शादी का प्रस्ताव ठुकराया था. वो लड़का कई दिनों से उसका पीछा कर रहा था और परेशान कर रहा था. पुलिस के मुताबिक, इसी स्टॉकर ने इस वारदात को अंजाम दिया है. घटना में आरोपी लड़के की भी मौत हुई है.
क्या है पूरा मामला
असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) एम. रमेश ने बताया कि नर्स और वो लड़का चार साल तक रिलेशनशिप में थे, लेकिन कुछ दिन पहले लड़की ने रिलेशन खत्म कर दिया. मगर लड़का नहीं माना. वो लड़की से शादी करना चाहता था. लड़की ने शादी से इनकार कर दिया था. तब से लड़का उसे परेशान करने लगा.
5 अक्टूबर को लड़की ने विजयवाड़ा के एक पुलिस थाने में लड़के के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई. आरोप लगाया कि शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद से लड़का उसे हैरेस कर रहा है. इस बारे में ACP ने कहा-
“लड़के को पुलिस थाने बुलाया गया. चेतावनी दी गई कि वो लड़की को आगे से हैरेस न करे. लड़का मान गया. उसने अंडरटेकिंग दी कि वो अब लड़की को दोबारा परेशान नहीं करेगा. फिर लड़की ने भी शिकायत वापस ले ली.”
लेकिन लड़का नहीं माना!
12 अक्टूबर यानी सोमवार की रात लड़की कोविड केयर की ड्यूटी खत्म करके अपने कमरे में वापस आई. तब लड़का दोबारा उसके पास पहुंचा और पुलिस में शिकायत करने के मुद्दे पर लड़की से सवाल किए. ACP ने कहा-
“इस बात का सबूत है कि लड़का, लड़की को मारने की तैयारी के साथ आया था. बहस के बीच लड़के ने अपने पास से पेट्रोल की बॉटल निकाली, जिसे वो साथ लेकर आया था. लड़की के ऊपर पेट्रोल डाला और आग लगा दी. लड़की ने आरोपी को कसकर पकड़ लिया, ताकि आग लगाने के बाद वो भागने न पाए. दोनों के चिल्लाने की आवाज़ सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे, आग बुझाई और दोनों को अलग किया.”
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं स्टॉकर बुरी तरह घायल हुआ. उसे विजयवाड़ा में शुरुआती इलाज के बाद गुंटूर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां 13 अक्टूबर, मंगलवार को उसकी भी मौत हो गई.