bag news –
हरियाणा विधानसभा का सत्र 5 नवंबर से शुरू होगा। इससे पहले 3 नवंबर को बरोदा हलके में उपचुनाव के लिए वोटिंग हो चुकी होगी। यह सत्र अगस्त के आखिरी सप्ताह में बुलाए गए मानसून सत्र का ही पार्ट होगा। 26 अगस्त को मानसून सत्र बुलाया गया था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते यह एक ही दिन में निपट गया। स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने मंगलवार को यहां कहा कि 5 नवंबर से सत्र की कार्रवाई फिर से शुरू होगी। इसमें लंबित विधेयकों पर चर्चा होगी तथा विधायी कामकाज पूरा किया जाएगा। विधानसभा सचिवालय ने सत्र की तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुप्ता ने कहा कि अब कोरोना का खतरा कम होना शुरू हो गया है, लेकिन विधान सभा सत्र के दौरान पूरी तरह से सावधानी बरती जाएगी।
उन्होंने कहा कि कोविड 19 के संबंध में विश्व स्वास्थ्य संगठन और केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी हिदायतों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। मानसून सत्र की कवरेज के लिए प्रेस गैलरी सेक्टर 3 स्थित हरियाणा निवास में रहेगी। सभी मीडिया कर्मी वहीं से मानसून सत्र को कवर करेंगे। स्पीकर ने कहा कि मानसून सत्र के भाग-2 में सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। इसके लिए हरियाणा निवास के दोनों सभागार बुक करवाए जाएंगे तथा इस स्थान को सत्रावधि तक विधान सभा परिसर घोषित किया जाएगा। सत्र के दौरान मीडिया गैलरी में उपलब्ध करवाई जाने वाली प्रत्येक सामग्री हरियाणा निवास में ही उपलब्ध होगी। इसके साथ ही मीडिया कर्मियों को सभी विजुअल्स उपलब्ध करवाने के लिए यहां बड़ी स्क्रीन भी स्थापित होगी। सत्र का प्रत्येक दृश्य मीडिया कर्मियों तक पहुंचाने के लिए तीन विशेष कैमरे सदन में लगाए जाएंगे।
कई अहम बिल होंगे पेश
विधानसभा सत्र में कई अहम बिल भाजपा-जजपा गठबंधन की ओर से पेश किए जाएंगे। इनमें पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का अहम विधेयक भी शामिल है। इसका सैद्धांतिक तौर पर फैसला सरकार पहले ही कर चुकी है। वर्तमान में पंचायतों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण है। इसी तरह से प्राइवेट सेक्टर यानी फैक्टरियों व कंपनियों की नौकरियों में स्थानीय युवाओं के लिए 75 प्रतिशत कोटा तय होगा।
Categories: Haryana