बैग न्यूज़ – हिसार

सिरसा रोड पर बगला मोड़ के निकट शुक्रवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार कार असंतुलित होकर कई पलटे खाते हुए दूसरी साइड रोड पर जाकर एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार बुढ़ा खेड़ा वासी 23 वर्षीय मोहित और 22 वर्षीय अरविंद मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए डेडहाउस रखवा दिए हैं।
परिवार जनों के मुताबिक मोहित विदेश में पढ़ाई करना चाहता था। इसके लिए मोहित ने आईलेट की परीक्षा भी पास कर ली थी। उसे वीजा हासिल करना था। इसके लिए वह साथी अरविंद के साथ कार में सवार होकर सिरसा स्थित कंसलटेंसी गया था। वहां से लौटते समय उनकी कार किसी तरह असंतुलित हो गई।
इस दौरान कार ने कई पलटे खाए। कार उछलकर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी साइड रोड पर चली गई। यहां किसी ट्रक से टकरा गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और कार में फंसे दोनों युवकों को निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
1 साल पहले हुई थी मोहित की शादी
परिवारीजनों को देर रात पुलिस से हादसे की जानकारी मिली। हादसे से परिवार में मातम छा गया। परिवार के लोगों के मुताबिक मोहित की एक साल पहले ही शादी हुई थी। पति की हादसे में मौत के बाद पत्नी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग उसे ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे हैं।